Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर अंतर्गत परसुडीह मंडल के नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने संगठन के शीर्ष एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया है।
गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सुमित शर्मा ने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास और अपेक्षा के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसे पूरी ईमानदारी, समर्पण और कार्यकर्ता भावना के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण का सम्मान किया जाता है।
उन्होंने विशेष रूप से भाजपा प्रदेश नेतृत्व, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजपा झारखंड प्रदेश एसटी मोर्चा के वरिष्ठ नेता राम सिंह मुंडा, पूर्व मंडल संयोजक राम प्रसाद जायसवाल, किसान मोर्चा के पूर्व महामंत्री दीपू शर्मा तथा वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश सिंह एवं विनोद सिंह के प्रति आभार प्रकट किया।
सुमित शर्मा ने कहा कि परसुडीह मंडल क्षेत्र के वरिष्ठ और पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव एवं मार्गदर्शन के साथ संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। साथ ही युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़कर बूथ स्तर तक संगठन विस्तार अभियान को गति दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाला संगठन है। इसी सोच के साथ सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा तथा संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष प्रभावी तरीके से जनता की आवाज रखी जाएगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को मजबूत करने के लिए परसुडीह मंडल में संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाया जाएगा।
अंत में सुमित शर्मा ने परसुडीह मंडल क्षेत्र की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद की अपेक्षा करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से मंडल को संगठनात्मक और जनसेवा के क्षेत्र में मजबूत इकाई के रूप में स्थापित किया जाएगा।











