Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में धंसी पानी टंकी के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। आरटीआई कार्यकर्ता कृतिवास मंडल की शिकायत के बाद पेयजल एवं स्वच्छता विभाग हरकत में आया है और क्षतिग्रस्त जलमीनार की जगह नया जलमीनार बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, जुगसलाई के एमई स्कूल रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बनी पानी टंकी की छत 14 मार्च 2026 को अचानक धंस गई थी। इस घटना के बाद करीब 2000 घरों की जलापूर्ति प्रभावित हो गई और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। आरोप है कि घटना के बाद लंबे समय तक विभागीय स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई।
आरटीआई कार्यकर्ता कृतिवास मंडल ने इस मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तथा पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली में दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद मंत्रालय स्तर से उच्चस्तरीय जांच कराई गई, जिसमें पानी टंकी धंसने की घटना सही पाई गई।
जांच के बाद पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, आदित्यपुर ने मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि विभागीय टीम द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा क्षतिग्रस्त टंकी के स्थान पर नया जलमीनार बनाने हेतु प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।
वहीं, कृतिवास मंडल ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में पानी टंकी का धंस जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता समेत संबंधित अधिकारियों की निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।
कृतिवास मंडल ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले को दबाने के बजाय दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।










