Chaibasa : मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को संस्था फिया फाउंडेशन के बैनर तले वन अधिकार अधिनियम 2006 के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य वन एवं राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
कार्यशाला में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, ग्रामसभा तथा वनाधिकार समितियों को वन अधिकार अधिनियम में अंकित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देने पर चर्चा की गई। इस दौरान अधिनियम से संबंधित प्रक्रियाओं, अधिकारों एवं दायित्वों को लेकर प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार साव एवं स्टेट टेक्निकल ऑफिसर तुषार कुंभाकार ने अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए अगस्त माह के भीतर दावा सृजन की प्रक्रिया पूरी कर अनुमंडलीय वन अधिकार समिति, पोड़ाहाट चक्रधरपुर को अग्रेषित करने का निर्णय लिया। बैठक में सामुदायिक वन पट्टा दावा प्रक्रिया को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में समता रेंजर (जराईकेला) शंकर भगत, कोल्हान, कोइना, गुवा एवं गोइलकेरा रेंज के वनकर्मी, राजस्व उपनिरीक्षक दीपक कुमार प्रजापति, अंचल निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह सहित संस्था के प्रखंड समन्वयक संजय सोरेंग, सहायक प्रखंड समन्वयक हैरान सुरीन, सर्वर कुरैशी, अनीश नाग, जितेंद्र चम्पिया, रेखा पॉल, सुबोध मनकी, ज्योतिष सवैया, नीलू नायक एवं राम सिंह होंनहगा समेत कई लोग उपस्थित थे।










