Adityapur ; राजनगर भाग-17 के तुमुंग पंचायत अंतर्गत चालियामा गांव में 15वें वित्त आयोग जिला परिषद फंड से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। योजना की प्राक्कलित राशि लगभग 55 लाख रुपये बताई गई है।
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, भाग-17 की जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो, भाग-16 की जिला परिषद सदस्य सुलेखा हांसदा तथा भाग-15 की जिला परिषद सदस्य मालती देवगन समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कुछ ग्रामीणों ने लगाए गए शिलापट्ट पर आपत्ति जताई। ग्रामीण सुजय प्रमाणिक ने आरोप लगाया कि शिलापट्ट में योजना की प्राक्कलित राशि का उल्लेख नहीं किया गया है। साथ ही शिलापट्ट को सही तरीके से स्थापित करने के बजाय पत्थर के सहारे जमीन पर टिकाकर रखा गया और उसी स्थिति में शिलान्यास कर दिया गया।
ग्रामीणों के विरोध के बाद जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संवेदक द्वारा पूरी जानकारी और प्राक्कलित राशि के साथ शिलापट्ट को नियमानुसार स्थापित किया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके बाद नारियल फोड़कर योजना का विधिवत शिलान्यास किया गया।
इधर, कार्यक्रम के दौरान एक अन्य मुद्दा भी चर्चा का विषय बना रहा। भाग-17 क्षेत्र की योजना के शिलान्यास समारोह में भाग-16 और भाग-15 की जिला परिषद सदस्य भी शामिल हुईं और उन्होंने भी नारियल फोड़कर शिलान्यास प्रक्रिया में भाग लिया।
इसको लेकर स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या दूसरे क्षेत्र के जिला परिषद सदस्यों का इस प्रकार शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होना तय प्रोटोकॉल का हिस्सा है या फिर यह राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास था।
हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन अथवा संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
वहीं भाग-17 की जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने कहा कि ग्रामीणों ने जिन मुद्दों को उठाया है, उनसे वह भी सहमत हैं। उन्होंने बताया कि शिलान्यास से एक दिन पहले ही उन्हें इसकी जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना में प्रोटोकॉल के अनुसार सभी प्रक्रियाओं का पालन किया जाना आवश्यक है।











