कपाली में ब्राउन शुगर के बड़े अड्डे का भंडाफोड़, 16.50 लाख की नशीली सामग्री के साथ तीन गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : चांडिल अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बंधुगोड़ा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक Nidhi Dwivedi ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।

एसपी ने बताया कि इम्तियाज खान के किराए के मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसडीपीओ चांडिल के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 679 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 82.80 ग्राम है। जब्त नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मौके से महाराजा अली, असगर अली और शबनम परवीन को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी महाराजा अली (22 वर्ष) सिनी कमलपुर का निवासी है और उसके खिलाफ मानगो, साकची एवं आरआईटी थाना में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह आरआईटी थाना के एक मामले में वांछित भी था।

वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपियों में असगर अली (52 वर्ष) और शबनम परवीन (24 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी वर्तमान में बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में रह रहे थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 599 सफेद कागज की पुड़िया और 80 लाल कागज की पुड़िया में पैक ब्राउन शुगर बरामद की। इसके अलावा 17.70 ग्राम ब्राउन शुगर अलग से पैकिंग के लिए रखा गया था। मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, दो मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया।

एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की फिंगरप्रिंटिंग और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें