रसुनिया में पंचायत भवन व स्वास्थ्य केंद्र निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने काम रुकवाया

SHARE:

Saraikela : चांडिल अनुमंडल के रसुनिया पंचायत अंतर्गत रसुनिया गांव में दो सरकारी भवन—पंचायत भवन और स्वास्थ्य केंद्र—के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता और मजदूरी भुगतान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन का निर्माण “अभिनव इंडिया” नामक कंपनी द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण स्थल पर अनिवार्य सूचना पट नहीं लगाया गया है। नियमों के अनुसार योजना की लागत, संवेदक का नाम, कार्य अवधि और मजदूरी दर जैसी जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना आवश्यक होता है, जिसका यहां पालन नहीं किया गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों भवनों के निर्माण में बेहद घटिया गुणवत्ता की ईंट, गिट्टी और बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस संबंध में ठेकेदार शेख आलमगीर से शिकायत करने पर उन्होंने ग्रामीणों की बात को नजरअंदाज कर दिया, जिसके बाद नाराज ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से बंद करा दिया।

बुधवार को जब ग्रामीण दोबारा स्थल पर पहुंचे, तो वहां खराब गुणवत्ता की निर्माण सामग्री देख उनका आक्रोश और बढ़ गया। मजदूरों ने भी आरोप लगाया कि उन्हें तय मजदूरी से कम भुगतान किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य नीमडीह प्रखंड के आदारडी निवासी महावीर दास के माध्यम से पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर कराया जा रहा है। महावीर दास ने भी स्वीकार किया कि उन्हें उचित भुगतान नहीं मिल रहा, जिसके चलते लागत कम करने के लिए सस्ती सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरी तरह मनमाने तरीके से किया जा रहा है, जिसमें गुणवत्ता और श्रमिक अधिकारों की अनदेखी हो रही है। शिकायत के बावजूद संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारी स्थल पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, सूचना पट लगाया जाए, मजदूरों को उचित मजदूरी दी जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

Leave a Comment