माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण, जागरूकता बढ़ाने पर जोर

SHARE:

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति अंतर्गत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड कार्यालय सभागार में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अंचल सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज में माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है और इसके लिए सही जानकारी एवं जागरूकता का प्रसार अनिवार्य है।

प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य परामर्शी श्रेया त्रिपाठी ने तकनीकी सत्र में माहवारी स्वच्छता, सेनेटरी उत्पादों की उपलब्धता और उनके सुरक्षित निपटान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं सदर अस्पताल की डॉ. अर्चना सिंह ने किशोरियों को शुरुआती अवस्था से ही स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और इसके अभाव में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डाला।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों से बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक तथा यूनिसेफ की सहयोगी संस्था के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य मास्टर प्रशिक्षकों को तैयार कर उन्हें जमीनी स्तर पर माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सक्षम बनाना है, ताकि समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

Leave a Comment