सरायकेला में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा: लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, राजनगर घटना पर DC सख्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों—सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC)—की स्थिति का आकलन किया गया।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आमजनों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हाल ही में राजनगर में जच्चा-बच्चा की मृत्यु की घटना पर उपायुक्त ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए इसे स्वास्थ्य व्यवस्था में अनियमितता और लापरवाही का उदाहरण बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया, वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रतिदिन कम-से-कम एक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सुविधाओं, कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए गए।

सभी चिकित्सा पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित रोस्टर के अनुसार अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहें और बिना स्वीकृति के अनुपस्थित पाए जाने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीपीएम एवं बीसीएम को अपनी कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीपीएम, बीसीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें