Jamshedpur : जमशेदपुर में पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर महिलाओं के मुद्दों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
तिलक पुस्तकालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दयामनी बारला ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर भाजपा के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कहा कि भाजपा इस कानून के क्रियान्वयन को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है। जनगणना और परिसीमन से जोड़कर इसके लागू होने में देरी की जा रही है, जिससे इसकी प्रभावशीलता पर सवाल उठते हैं।
दयामनी बारला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए हैं और स्थानीय निकायों से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उनकी भागीदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि महिलाओं के हितों के प्रति वास्तविक प्रतिबद्धता है, तो महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी और पोषण जैसे मुद्दों पर भी भाजपा से जवाब मांगा। साथ ही भाजपा द्वारा प्रस्तावित मशाल जुलूस को उन्होंने राजनीतिक प्रदर्शन बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य जनता का ध्यान मूल समस्याओं से भटकाना है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, सरायकेला की संगीता प्रधान और पश्चिम सिंहभूम की राखी सुलेजा सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे।
अंत में नलिनी सिन्हा ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिला महिला कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी और किसी भी प्रकार के राजनीतिक भ्रम को सफल नहीं होने देगी।
इस अवसर पर अपर्णा गुहा, बहामनी टुडू, शबाना परवीन, रजनी बंसल, सीमा मोहंती, गुड्डी देवी, सुनीता मिश्रा, ईशा कुमारी, लखबीर कौर, सुरिंदर कौर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।










