Jagannathpur News : डीएमएफटी और एमएमजीएसएसवाई योजना से कई सड़कों का होगा निर्माण, विधायक सोनाराम सिंकु ने किया भूमि पूजन

SHARE:

Chaibasa : जगन्नाथपुर प्रखंड क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विभिन्न सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने इन योजनाओं का विधिवत भूमि पूजन किया।

जानकारी के अनुसार, एक सड़क का निर्माण डीएमएफटी फंड से किया जाएगा, जबकि अन्य सड़कों का सुदृढ़ीकरण कार्य एमएमजीएसएसवाई योजना के तहत कराया जाएगा। जिन प्रमुख सड़कों का निर्माण किया जाएगा, उनमें सोसोपी पीडब्ल्यूडी सड़क से बूढ़ाकमान वाया कुदाहातु तक 4.65 किमी, बेलपोसी मानिकपुर से जोगीनंदा तक 3.75 किमी तथा डाकूवा जंगल से बूढ़ाकमान वाया केंदुआ तक 5.73 किमी लंबी सड़कें शामिल हैं।


इस अवसर पर विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़कें सबसे महत्वपूर्ण आधार होती हैं। उन्होंने बताया कि ये सड़कें पिछले 10–15 वर्षों से जर्जर अवस्था में थीं, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरू, राजू हेंब्रम, दिनेश प्रधान, मकर ध्वज सरदार सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें