DLSA Launches : डालसा का 90 दिवसीय कानूनी जागरूकता अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेगा ‘न्याय रथ’

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : नालसा एवं झालसा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर द्वारा 90 दिवसीय सघन कानूनी जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने सोमवार सुबह व्यवहार न्यायालय परिसर में किया।

इस अभियान के तहत डालसा के पीएलवी (अधिकार मित्र) ग्रामीण क्षेत्रों और स्लम बस्तियों में जाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। साथ ही वंचित, शोषित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करेंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।



अभियान की शुरुआत प्रभातफेरी के साथ हुई, जो व्यवहार न्यायालय से एमजीएम गोलचक्कर, जेल चौक और साकची शीतला मंदिर होते हुए पुनः न्यायालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में डालसा सचिव कुमार सौरव त्रिपाठी, न्यायिक पदाधिकारी, लीगल एड काउंसिल के सदस्य, पैनल वकील, मीडिएटर, कोर्ट स्टाफ और बड़ी संख्या में पीएलवी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने बैनर और तख्तियां लेकर जागरूकता के नारे लगाए।

इस मौके पर प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि कानून और आम लोगों के बीच की दूरी को कम करना बेहद जरूरी है। इसके लिए केवल कानूनी सहायता ही नहीं, बल्कि जागरूकता, सशक्तिकरण और सामुदायिक भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि यह 90 दिवसीय अभियान एक सुनियोजित और परिणामोन्मुख पहल है, जिसका उद्देश्य जिले के हर वर्ग तक कानूनी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।



उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को न केवल उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी, बल्कि उन्हें इतना सशक्त भी बनाया जाएगा कि वे आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें। ‘कानूनी सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987’ के तहत न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ मध्यस्थता, परामर्श और लोक अदालतों के जरिए विवादों का समाधान भी प्राथमिकता में रहेगा।

अभियान में विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जनजातियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और हिंसा के पीड़ितों को जागरूक कर उन्हें अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.