Jamshedpur : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के जन्मदिन को जमशेदपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रविवार सुबह से ही एग्रिको स्थित उनके आवासीय कार्यालय पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हजारों लोगों ने अपने प्रिय नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने दिन की शुरुआत भालूबासा स्थित शीतला माता मंदिर और सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इस दौरान उन्होंने राज्य और शहरवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर सूर्य मंदिर परिसर में विभिन्न पौधों का रोपण किया। उन्होंने कल्पवृक्ष, सफेद चंदन, कर्पूर, श्री रुद्राक्ष, जायफल और अगरवुड जैसे पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सूर्य मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं और मंदिर समिति के सदस्यों ने केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर लोगों ने पुष्पगुच्छ, पौधे, पुस्तकें और अंगवस्त्र भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।
सोशल मीडिया पर भी रघुवर दास के जन्मदिन की धूम देखने को मिली। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ताओं तक ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके साथ तस्वीरें साझा कीं।
एग्रिको स्थित आवास पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और कॉरपोरेट जगत से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
इस मौके पर रघुवर दास ने सभी शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें लोगों से मिला प्रेम और आशीर्वाद उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की जनता ने उन्हें हमेशा स्नेह दिया है और वे आगे भी क्षेत्र की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।











