Guwa : गुवा स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय परिसर में नवनिर्मित मंदिर में आयोजित दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। धार्मिक उत्साह और भक्ति के माहौल के बीच सुबह 6 बजे कुसुम घाट से 108 कन्याओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
कलश यात्रा गुवा के विभिन्न मार्गों से होते हुए रेलवे मार्केट स्थित संघ कार्यालय पहुंची, जहां मंदिर परिसर में वैदिक विधि-विधान के साथ अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। बनारस से आए आचार्य सच्चिदानंद तिवारी और आचार्य रत्नेश तिवारी समेत स्थानीय पुरोहितों के सानिध्य में अखंड यज्ञ शुरू हुआ।

मंदिर में खाटू श्याम बाबा, श्री लक्ष्मी नारायण, राधा-कृष्ण और मां मनसा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के लिए हवन, पूजा-अर्चना और जागरण का आयोजन किया जा रहा है। वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार मंदिर परिसर में उमड़ती रही।
आयोजकों के अनुसार, 4 मई को महाभोग और भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकता का संदेश दिया, जहां श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।










