धूल प्रदूषण से बड़ाजामदा में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, वाहनों को रोककर किया प्रदर्शन

SHARE:

Guwa  : क्षेत्र में बढ़ते धूल प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को खुलकर सामने आया। कारा कोला रुमाटा प्लांट से संचालित भारी वाहनों की आवाजाही से उड़ रही धूल से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर कई वाहनों को रोक दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से जुड़े वाहनों के लगातार आवागमन के कारण सड़क पर धूल का गुबार छाया रहता है, जिससे आसपास के घरों में धूल भर रही है और लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित प्रबंधन और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही धूल नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई, तो उनका आंदोलन और तेज होगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें