सारंडा में अचानक बदला मौसम, आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित, शनिचरा हाट और क्रिकेट टूर्नामेंट ठप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : सारंडा क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इस अचानक बदलाव ने किरीबुरू, मेघाहातुबुरु समेत आसपास के इलाकों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।

तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण कई घरों की छतों से पानी रिसकर अंदर घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और अधिक गंभीर रही, जहां लोग घरों में घुसे पानी को बाहर निकालने में जुटे रहे।

बारिश का असर स्थानीय गतिविधियों पर भी साफ नजर आया। मेघाहातुबुरु में लगने वाली प्रसिद्ध शनिचरा हाट इस बार नहीं लग सकी, जिससे छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं किरीबुरू मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता भी पूरी तरह बाधित हो गई। बाहर से आए खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य मौसम की मार से जूझते नजर आए।

लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। दिन के समय भी ठंड का एहसास होने लगा, जिससे इलाके में एक बार फिर सर्दी जैसा माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बदले मौसम ने दैनिक कामकाज को भी प्रभावित किया है। यदि बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा, तो जनजीवन पर इसका असर और गहरा हो सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.