Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम के घने सारंडा जंगल में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना जराईकेला थाना क्षेत्र के बाबूडेरा जंगल की बताई जा रही है, जहां सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों का नक्सलियों से आमना-सामना हो गया।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए प्रभावी ढंग से जवाब दिया। मुठभेड़ के दौरान कुछ समय तक रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रहने की सूचना है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मुठभेड़ में तीन से चार नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अभियान में Central Reserve Police Force (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन, Jharkhand Jaguar और जिला पुलिस के जवान संयुक्त रूप से शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मुठभेड़ कुख्यात इनामी माओवादी Misir Besra के दस्ते के साथ होने की आशंका है। फिलहाल सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि सारंडा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से नक्सलियों की सक्रियता को देखते हुए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में पूरी सतर्कता बरत रही हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।











