Chaibasa : गुवा क्षेत्र में महिला श्रमिकों की अनदेखी को लेकर झारखंड महिला श्रमिक संघ यूनियन के तत्वावधान में सोमवार को एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला श्रमिकों ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रबंधन और ठेकेदारों पर गंभीर आरोप लगाए।
यूनियन की अध्यक्ष Geeta Devi की अगुवाई में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि Steel Authority of India Limited (सेल) प्रबंधन और ठेकेदारों की मिलीभगत के कारण महिला श्रमिकों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कार्य योजनाओं और प्रस्तावों में महिलाओं की भागीदारी को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जाता, जबकि भारत सरकार द्वारा महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके बावजूद उन्हें कार्यस्थल पर समान अवसर नहीं मिल रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
यूनियन की ओर से यह निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही गुवा सेल प्रबंधन और संबंधित ठेकेदारों के साथ बैठक की जाएगी। यदि इसमें महिला श्रमिकों को उचित सहभागिता नहीं दी जाती है, तो यूनियन आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होगी।
बैठक में यूनियन की सचिव Rajni Pingua, लता कर्मकार, सुनीता समद, जानो चातर, कविता दास, ममता देवी, महादेवी सिन्हा, संतोषी महाकुड़, रानी गोप सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं।
सभी सदस्यों ने एकजुट होकर महिला अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने और अपने हक के लिए आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।













