“स्कूल रुआर 2026” का शुभारंभ, उपायुक्त ने कहा—कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे

SHARE:

Jamshedpur : झारखंड शिक्षा परियोजना के तहत सरायकेला–खरसावाँ जिले में जिला स्तरीय “स्कूल रुआर 2026” कार्यक्रम का शुभारंभ समाहरणालय सभागार में उपायुक्त Nitish Kumar Singh की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालयों से जोड़ने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान के तहत समन्वित रणनीति के साथ कार्य करते हुए शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अभियान के उद्देश्य और इसके अंतर्गत संचालित होने वाली गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि टीमवर्क के माध्यम से छूटे हुए प्रत्येक बच्चे तक पहुंच बनाकर उन्हें दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्रीय पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में ड्रॉपआउट होने के कारणों की पहचान करें और उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सतत प्रक्रिया है और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों (PRI), सेविका, सहिया, सीडीपीओ, एलएस सहित अन्य संबंधित कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ा जा सके।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी Kailash Mishra, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO), विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। यह अभियान जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने और प्रत्येक बच्चे को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment