गम्हरिया के डैम में अज्ञात शव मिलने से सनसनी, 4-5 दिन पुराना होने की आशंका

SHARE:

Gamharia : गम्हरिया थाना क्षेत्र के टायो कॉलोनी के पीछे स्थित डैम में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराक की मदद से शव को डैम से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में शव लगभग 4 से 5 दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे उसकी पहचान करना और भी मुश्किल हो गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और क्षेत्र में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को खंगाला जा रहा है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

इधर, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से डैम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें