Adityapur : राजनगर प्रखंड अंतर्गत रुतडीह गांव में श्री श्री बजरंगबली समिति द्वारा आयोजित रामनवमी पूजा, रामलीला, देव सभा, 24 प्रहर हरि संकीर्तन एवं यज्ञ कर्म का 29 मार्च 2026 को भव्य समापन हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन पर पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
समापन दिवस पर Shri Shri Bajrangbali Samiti Rutdih के तत्वावधान में श्री श्री राधा गोविंद अखंड जुगल नाम संकीर्तन, देव सभा एवं यज्ञ का आयोजन किया गया। महंत विदाई, श्री श्री गौरांग महाप्रभु हरिनाम प्रेम प्रसाद वितरण तथा रंग-गुलाल के साथ अनुष्ठान संपन्न हुआ।
संकीर्तन समापन के अवसर पर हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने पूरे रुतडीह गांव में हरिनाम संकीर्तन करते हुए भ्रमण किया, जिससे गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। समिति अध्यक्ष पवन महतो ने बताया कि इस वर्ष आयोजित रामनवमी पूजा, 24 प्रहर हरि संकीर्तन, महायज्ञ एवं रामलीला देव सभा की 321 मूर्तियों को देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं के लिए समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसाद स्वरूप खीर-खिचड़ी का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न संकीर्तन संप्रदायों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया, जिनमें जय सियाराम संकीर्तन समिति (तिरूलडीह), श्री श्री हरिनाम संकीर्तन संप्रदाय (कमलपुर नमो टोला डुडरा), स्व. भीम चंद्र बनर्जी संकीर्तन संप्रदाय (टीकर, ईचागढ़), दिलीप दास गोस्वामी संकीर्तन संप्रदाय (रायडीह चौक), जनमेजय महतो संगठन संप्रदाय (घुटियाडीह, नीमडीह), श्री श्री हरिनाम संप्रदाय (चीयाबाधी, चाकुलिया), तथा श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु संकीर्तन संप्रदाय (चालियामा, राजनगर) प्रमुख रहे।
समिति के अध्यक्ष पवन महतो, उपाध्यक्ष दासमत महतो, निमाई महतो, महेंद्र नाथ महतो, उपसचिव दीनबंधु महतो, अरुण महतो, जगन्नाथ महतो, कोषाध्यक्ष डॉ. जगबंधु महतो, उपकोषाध्यक्ष सनातन महतो, विनय दास, भारत महतो सहित सलाहकार समिति एवं सैकड़ों सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
समिति ने आयोजन की सफलता के लिए समस्त रुतडीह ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना की और भविष्य में भी धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं को इसी तरह आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।









