मनोहरपुर व आनंदपुर के गिरजाघरों में खजूर पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर व आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गिरजाघरों में रविवार को खजूर पर्व (पाम संडे) श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चर्च परिसरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के तहत गिरजाघरों के सामने श्रद्धालु अपने-अपने हाथों में खजूर की डालियां लेकर एकत्रित हुए। इसके बाद प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम आगमन की स्मृति में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने भजन-कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना के माध्यम से प्रभु की महिमा का गुणगान किया तथा शांति और प्रेम का संदेश दिया।

इस दौरान Church of North India (सीएनआई) चर्च के पुरोहित फादर एंजेल कंडुलना ने खजूर पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन प्रभु यीशु के यरूशलेम में विजयी प्रवेश की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व लोगों को विनम्रता, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है तथा पवित्र सप्ताह (होली वीक) की शुरुआत का प्रतीक है।

पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य था। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज में भाईचारा व सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर चर्च के सहायक पुरोहितगण एवं ईसाई समुदाय के सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.