Adityapur : राजनगर प्रखंड के रूतडीह गांव में रामनवमी के अवसर पर आयोजित देवसभा के दौरान शनिवार की शाम अचानक आई तेज आंधी ने अफरा-तफरी मचा दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ था। इसी बीच रात करीब आठ बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी चलने लगी।
आंधी की चपेट में आकर देवसभा का विशाल पंडाल पूरी तरह उखड़ गया और उसका ढांचा इधर-उधर बिखर गया। पंडाल गिरते ही मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। श्रद्धालु अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित बच गए। यदि आंधी का असर कुछ और देर तक रहता या भीड़ अनियंत्रित हो जाती, तो गंभीर चोटें लगने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
घटना के तुरंत बाद आयोजकों और स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हालात को संभाला। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया। कुछ देर के लिए आयोजन जरूर बाधित हुआ, लेकिन सामूहिक सहयोग से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
उल्लेखनीय है कि इस विशेष देवसभा में रामायण कथाओं पर आधारित कुल 321 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन 29 मार्च को निर्धारित है। आयोजकों ने बताया कि मौसम सामान्य रहने पर शेष कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समयानुसार संपन्न किए जाएंगे।









