रामनवमी पर गुवा में निकली भव्य शोभायात्रा, करतबों ने मोहा मन

SHARE:

Chaibasa : रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार शाम गुवा में भक्ति, उत्साह और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। पंचमुखी हनुमान मंदिर कमेटी की ओर से शाम करीब 4 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इससे पूर्व मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया गया।

शोभायात्रा में गाजे-बाजे, भगवा झंडों और आकर्षक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान छऊ नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। विभिन्न अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक एवं रोमांचक करतबों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

यह शोभायात्रा गुवा रामनगर स्थित राम मंदिर पहुंचकर एकत्रित हुई। वहीं कल्याण नगर, हिरजीहाटिंग, कैलाश नगर, बिरसानगर और गुवा बाजार से निकली अन्य शोभायात्राएं भी यहां आकर शामिल हुईं। इसके बाद पंचमुखी हनुमान मंदिर कमेटी अखाड़ा के सदस्यों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिसे देखकर दर्शक उत्साह से झूम उठे।

शोभायात्रा के स्वागत में विभिन्न समाजसेवियों द्वारा जगह-जगह शरबत का वितरण किया गया। समाजसेवी शत्रुघ्न मिश्रा ने राम मंदिर मुख्य सड़क पर शरबत, पानी, टोपी, गमछा, अंगवस्त्र एवं भगवा झंडा वितरित किया।

करीब 2000 रामसेवकों की भागीदारी वाली यह शोभायात्रा रामनगर, रेलवे मार्केट, विवेक नगर, कच्छी धौड़ा और कल्याण नगर क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में “जय श्री राम” के जयकारों से गुवा गुंजायमान हो उठा।

शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह जवानों की तैनाती की गई थी, जिससे शोभायात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

Leave a Comment