Jamshedpur : पुराना बस स्टैंड बजरंग अखाड़ा समिति एवं प्राचीन बजरंगबली मंदिर अखाड़ा द्वारा आज शहर में भव्य जुलूस निकाला गया। भक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा शहर राममय हो उठा।
पुराना बस स्टैंड बजरंग अखाड़ा का जुलूस निर्धारित मार्ग पाठागार से होते हुए बस स्टैंड पहुंचा और वहां से नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः अपने गंतव्य स्थल पर संपन्न हुआ। वहीं प्राचीन बजरंगबली मंदिर अखाड़ा का जुलूस शाम पांच बजे बस स्टैंड से प्रारंभ होकर बाजार क्षेत्र, गैरेज चौक और संजय चौक से गुजरते हुए मंदिर पहुंचा।
जुलूस का मुख्य आकर्षण समिति द्वारा तैयार की गई भव्य एवं नयनाभिराम झांकियां रहीं। इसके अलावा अखाड़े के खिलाड़ियों और युवाओं ने लाठी-डंडे तथा पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। करतबों को देख राहगीर और शहरवासी दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जुलूस मार्ग में विभिन्न समाजसेवी संगठनों और स्थानीय समितियों द्वारा सेवा शिविर लगाए गए थे। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, लस्सी, शरबत और गुड़-चना का वितरण किया गया। कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर अखाड़ा समितियों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील चौराहों और मोड़ों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ अलर्ट मोड पर मौजूद रही।
समिति के पदाधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए प्रशासन एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में लिपू महांती, बापी महांती, निखिल भल, सानो कवि, शंकर सतपथी, शिपु महांती, भीम कर, दीपू महांती, सोम कवि, आकाश कर, सुभम कर, मानू सतपथी, मोहित भल, सुभम बिसोइ, शिवा बिसोइ, सहदेव कर, अर्जुन कर और ज्ञानरंजन आचार्या का सहयोग सराहनीय रहा।









