श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में गोसेवा केंद्र और सनातन सदन का भूमिपूजन

SHARE:

Jamshedpur : श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में गोसेवा केंद्र और सनातन सदन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया। श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक एवं मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक सरयू राय ने विधि-विधान से दोनों परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर सरयू राय ने बताया कि प्रस्तावित सनातन सदन में सनातन संस्कृति से जुड़े साहित्य, धर्मग्रंथ, वेद-पाठ, कर्मकांड और पूजा पद्धतियों से संबंधित पुस्तकों का संचयन किया जाएगा। यह केंद्र सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख स्थल बनेगा। यहां पंडितों को विभिन्न पूजाओं की विधि, उपयुक्त मंत्रों और शुद्ध उच्चारण के प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि धार्मिक अनुष्ठान शास्त्रोक्त ढंग से संपन्न हो सकें।

उन्होंने जानकारी दी कि सनातन सदन तीन तल का होगा। फिलहाल प्रथम तल का भूमिपूजन किया गया है, जबकि शेष दो तल बाद में जोड़े जाएंगे। ऊपरी दोनों तलों का उपयोग सांस्कृतिक-आध्यात्मिक पुस्तकालय और वाचनालय के रूप में किया जाएगा। यहां मांगलिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा।

मंदिर परिसर के दक्षिण-पश्चिम कोने में गोसेवा केंद्र विकसित किया जाएगा, जिसका भी भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुंगनूर नस्ल की दो बछियाएं लाई गईं। मंदिर प्रबंधन की ओर से भी एक जोड़ी गाय लाने की योजना है। परिसर में गोमाता और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही पंच पल्लव—आम, पीपल, पाकर, बरगद और गूलर—के पौधे लगाए जाएंगे, जिनका धार्मिक अनुष्ठानों में विशेष महत्व है। गोसेवा केंद्र के माध्यम से स्वदेशी, भारतीय भोजन और पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों के प्रचार-प्रसार का भी लक्ष्य रखा गया है।

गौरतलब है कि मंदिर के जीर्णोद्धार काल से ही सरयू राय गोसेवा, वेद-पुराण और धर्मग्रंथों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार को लेकर सक्रिय रहे हैं। श्रीरामनवमी के दिन इस पहल का प्रथम चरण शुरू होना समिति के लिए संतोषप्रद माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने डेढ़ दर्जन कुआंरी कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद एवं चुनरी भेंट की। प्रसाद में चने की सब्जी, हलवा, पूड़ी और खीर परोसी गई। कन्या पूजन में वरिष्ठ समाजसेवी शिवशंकर सिंह, आशुतोष राय, साकेत गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर असीम पाठक, अशोक कुमार, मुकेश कुमार और अभय सिंह समेत कई श्रद्धालु मौजूद थे। पूजन कार्य में विनोद पांडेय, राकेश ओझा और अजय तिवारी की प्रमुख भूमिका रही।

कार्यक्रम के अंत में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 31-31 फीट ऊंचे दो ध्वजों की विधिवत पूजा की गई। इन ध्वजों को गरुड़ स्तंभ के दोनों ओर स्थापित किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक आयोजन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।

Leave a Comment