साहित्यिक चोरी पर कोल्हान विश्वविद्यालय लगाएगी रोक, ड्रिलबिट सॉफ्टवेयर पर एकदिवसीय कार्यशाला

SHARE:

Jamshedpur : Kolhan University के वीर पोटो हो सभागार में “शैक्षणिक सत्यनिष्ठा हेतु प्लेजरिज़्म डिटेक्शन” विषय पर ड्रिलबिट सॉफ्टवेयर के उपयोग को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शोध एवं अकादमिक लेखन में मौलिकता को बढ़ावा देना तथा साहित्यिक चोरी (प्लेजरिज़्म) की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक के उपयोग को समझाना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संदेश में शैक्षणिक कार्यों में ईमानदारी और मौलिकता के महत्व पर बल देते हुए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलसचिव डॉ. रंजीत कर्ण ने स्वागत भाषण दिया और शोध कार्यों में प्लेजरिज़्म की गंभीरता तथा उसके दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति के रूप में Drillbit India Private Limited के सीनियर रीजनल मैनेजर सौम्यजीत दत्ता चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने ड्रिलबिट सॉफ्टवेयर के तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यह सॉफ्टवेयर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग के माध्यम से विभिन्न स्रोतों से सामग्री का मिलान कर प्लेजरिज़्म की पहचान करता है। उन्होंने यह भी बताया कि ड्रिलबिट को यूजीसी द्वारा मान्यता प्राप्त है और किफायती होने के कारण यह शैक्षणिक संस्थानों के लिए एक उपयोगी विकल्प है।

प्रथम सत्र में “प्लेजरिज़्म एवं शैक्षणिक सत्यनिष्ठा की समझ” विषय पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यशाला के संयोजक डॉ. नितीश कुमार महतो (प्रभारी विभागाध्यक्ष, प्राणीशास्त्र) एवं समन्वयक (पुस्तकालय प्रभारी) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी मुंडा, विभागाध्यक्ष, मानवशास्त्र विभाग द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नितीश कुमार महतो ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विभिन्न पीजी विभागों के शिक्षक, शोधार्थी, आईक्यूएसी एवं आरडीसी समन्वयक तथा विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह कार्यशाला शोध में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नैतिकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Leave a Comment

और पढ़ें