राजनगर में 14 लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण, आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर

SHARE:

Seraikela:राजनगर प्रखंड के पशु चिकित्सालय परिसर में मंगलवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 14 लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण किया गया। प्रत्येक लाभुक को एक यूनिट के रूप में 8 मादा बकरी और 2 नर बकरा उपलब्ध कराया गया, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।

पशुधन का वितरण प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार एवं पशुपालन विभाग के बीएचओ डॉ. श्रीनाथ होनहागा के संयुक्त हाथों से किया गया। इस अवसर पर बीडीओ मलय कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना और गरीब, विधवा तथा असहाय किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे इस योजना का पूरा लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार लाएं।

वहीं, बीएचओ डॉ. श्रीनाथ होनहागा ने लाभुकों को बकरी पालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि पशुओं के स्वास्थ्य के लिए नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार, स्वच्छ वातावरण और उचित देखभाल बेहद जरूरी है। उन्होंने बीमारियों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को विटामिन की गोलियां, टब एवं बाल्टी भी प्रदान की गईं, ताकि वे पशुपालन को बेहतर तरीके से संचालित कर सकें। अधिकारियों ने लाभुकों को सलाह दी कि वे समय-समय पर पशुओं की स्वास्थ्य जांच कराएं और विभाग द्वारा दी जाने वाली तकनीकी सहायता का लाभ उठाएं, जिससे उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो सके।

Leave a Comment