
उधवा: राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उधवा कचहरी पुल से पियारपुर बाजार जाने वाली मुख्य पथ पर मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे चिप्स लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक बाईक चालक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। उधर चिप्स लदा ट्रैक्टर भी सड़क किनारे पलट गया। जहां मृतक बाईक चालक की पहचान अनसारूल मोमिन (35) वर्ष के रूप में हुई है। उधर मृतक बाईक चालक युवक राधानगर थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी बाजार के रहने वाला था। मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर संख्या जेएच 17 एडी 3732 चिप्स लादकर उधवा पुल से पियारपुर की ओर जा रहा था। इसी बीच कटहलबाड़ी बाजार निवासी अनसारूल मोमिन अपने स्प्लेंडर प्लस बाइक नंबर जेएच 18 जे 2022 पर सवार होकर उधवा चौक की तरह आ रहे थे जहां इसी बीच बाईक चालक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर इस सड़क दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास लोगों की भीड़ लग गई। जहां स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना राधानगर थाना क्षेत्र की पुलिस एवं परिजनों को दिया। उधर सड़क दुर्घटना की सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचें वहीं घटना की सूचना मिलते ही राधानगर थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुँच गई। इधर सड़क दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया हालांकि इस दौरान दो पहिया बाईक का आवागमन जारी था। उधर मृतक बाईक सवार युवक के परिजन सड़क पर त्रिपाल लगाकर घटना का विरोध कर रहे थे। जहां घटना के करीब 4 घंटे के बाद पुलिस के हस्तक्षेप से स्थानीय बुद्धिजीवियों के मदद से कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों को समझा बुझाकर सड़क जाम हटाया गया। इसके बाद राधानगर थाना क्षेत्र की पुलिस ने मृतक बाईक सवार युवक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।








