Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली को लेकर लंबे इंतजार के बाद आज से शारीरिक दक्षता एवं लिखित परीक्षा की शुरुआत हो रही है। जिला प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और इसे पारदर्शी व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने का दावा किया है।
मंगलवार से परीक्षा का आयोजन बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया जा रहा है, जहां अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या जुटने की संभावना है। सोमवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने स्वयं स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और प्रक्रिया की पारदर्शिता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण से लेकर शारीरिक परीक्षण और लिखित परीक्षा तक हर चरण को व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराया जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके। साथ ही डेटा एंट्री और अभिलेख संधारण में शून्य त्रुटि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और अनुशासित वातावरण में कराई जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।
गौरतलब है कि गृह रक्षा वाहिनी की इस बहाली को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। ऐसे में प्रशासन के लिए यह परीक्षा एक बड़ी जिम्मेदारी बन गई है, जिसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारियां की गई हैं।









