Jamshedpur:गोलमुरी क्षेत्र के न्यू केबुल टाउन स्थित सामुदायिक विकास भवन मैदान में 23 अप्रैल से 1 मई तक भव्य श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। रविवार को महायज्ञ समिति की बैठक में आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
समिति के अनुसार महायज्ञ की शुरुआत 23 अप्रैल को ओल्ड केबुल टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिरला मंदिर) से भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और महिलाएं कलश लेकर नगर भ्रमण करेंगी।
आयोजन के दौरान 23 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रतिदिन भजन-कीर्तन, प्रवचन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। वहीं 1 मई को मुख्य यज्ञ, पूर्णाहुति, रामार्चा पूजा और महाप्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन होगा।
महायज्ञ के संरक्षक परमश्रद्धेय श्री श्री 108 जय मंगला बाबा होंगे। यज्ञ अनुष्ठान को संपन्न कराने के लिए वाराणसी से पंडित लाल मोहन शास्त्री के नेतृत्व में 21 यज्ञाचार्यों की टीम आएगी। पूरे आयोजन स्थल पर भव्य यज्ञशाला का निर्माण और विशेष सजावट की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी।
इस मौके पर महायज्ञ समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण को और मजबूत करेगा। समिति के सदस्यों ने शहरवासियों से इस पावन महायज्ञ में बढ़-चढ़कर भाग लेने और धर्म लाभ लेने की अपील की।
बैठक में रामरेखा सिंह, रामाकांत सिंह, रामबाबू तिवारी, बिपिन झा, रामस्वरूप सिंह, प्रेम झा और प्रताप यादव समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।









