Jamshedpur : सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक सादगीपूर्ण और अनुशासित आयोजन में बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष एवं जिला भाजपा मुख्यालय प्रभारी सुबोध झा के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ, निर्धन परिवारों की बेटियों का सामूहिक विवाह और महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन का समापन भावनात्मक और गरिमामय माहौल में हुआ।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 फरवरी को सुबोध झा के जन्मदिन तथा 19 फरवरी को उनकी वैवाहिक जीवन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर कैलाश धाम मंदिर प्रांगण में सामूहिक सुंदरकांड एवं सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि सामूहिक विवाह में केवल उन्हीं जोड़ों को शामिल किया गया, जिनकी कोर्ट मैरिज हो चुकी थी और जिनके माता-पिता दोनों पक्षों से उपस्थित होकर सहमति प्रदान कर रहे थे। निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मात्र तीन जोड़ियों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से विधिवत संपन्न कराया गया।
सुबोध झा ने बताया कि हजारीबाग, रांची, चाईबासा और जमशेदपुर सहित विभिन्न जिलों से कई युवक-युवतियां कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। हालांकि, जिनके माता-पिता समारोह में उपस्थित नहीं हो सके, उन्हें सामूहिक विवाह में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे संस्कार में अभिभावकों की सहमति और उपस्थिति को प्राथमिकता दी गई।
समिति की ओर से नवविवाहित तीनों जोड़ों को वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। विवाह संस्कार लड़का और लड़की पक्ष द्वारा लाए गए पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की सफलता में कार्तिक कुमार, समिति के महामंत्री मिथिलेश कुमार, संयोजक विनोद राम, पवित्र पांडे, रितु सिंह, प्रमिला पांडे, गौरव साहू, मिट्ठू कुमार, सौरभ कुमार, यश अग्रहरि, दीपक मिश्रा, राजीव चौधरी, सोनू चौधरी, आलोक ठाकुर, वंश झा, श्यामानंद राय, संजय सिंह, संजय कुमार एवं धर्मेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।









