मनोहरपुर–आनंदपुर में महाशिवरात्रि की धूम, शिव–पार्वती विवाह एवं भव्य शिव बारात की झांकी निकली

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मनोहरपुर–आनंदपुर क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में भगवान शिव–पार्वती विवाह का पारंपरिक आयोजन किया गया तथा भव्य शिव बारात की झांकी नगर में धूमधाम से निकाली गई।

कार्यक्रम का आयोजन शिवशक्ति संघ, मुनिआश्रम, संगमेश्वर महादेव समिति एवं शिव मंदिर समिति पुराना मनोहरपुर के सहयोग से किया गया। भगवान शिव की प्रतीकात्मक बारात में भूत, बैताल, पिशाच एवं शिवगणों की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिसने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

मनोहरपुर में शिव बारात शोभायात्रा मुनिआश्रम से प्रारंभ होकर संत नरसिंह आश्रम परिसर मार्ग से गुजरते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करती रही। डीजे की धुन, पारंपरिक बाजे-गाजे और आतिशबाजी के बीच निकली झांकी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु धार्मिक गीतों पर झूमते नजर आए और शिवभक्ति में लीन होकर नृत्य करते रहे।

कार्यक्रम में महिला श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर एवं स्वागत द्वार सजाकर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। नगर भ्रमण के उपरांत शिव बारात पुनः मुनि आश्रम परिसर पहुंची, जहां शांतिपूर्ण ढंग से समापन हुआ।

इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। रात्रि में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शिव–पार्वती विवाह अनुष्ठान संपन्न कराया गया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सक्रिय सदस्यों एवं बड़ी संख्या में शिवभक्तों की उपस्थिति में संपन्न यह कार्यक्रम क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दे गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.