Jugsalai Municipal Council Election : नूतन सिंह ने नाम वापसी कर रिंकू सिंह को दिया समर्थन, आशीर्वाद के साथ जीत का दावा

SHARE:

Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब अध्यक्ष पद की उम्मीदवार नूतन सिंह ने अपना नाम वापस लेने की घोषणा करते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रिंकू सिंह को समर्थन एवं आशीर्वाद देने का ऐलान किया। इसकी जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने स्टेशन रोड स्थित पप्पू सिंह के आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।

भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि नगर परिषद चुनाव के लिए कई दावेदारों ने आवेदन किया था, जिनमें नूतन सिंह और उनके पति पप्पू सिंह भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में थे। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने रिंकू सिंह को समर्थित प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का सम्मान करते हुए नूतन सिंह और पप्पू सिंह ने सहर्ष रिंकू सिंह के समर्थन में नाम वापसी का फैसला लिया, जो पार्टी अनुशासन और राजनीतिक परिपक्वता का उदाहरण है।

पार्टी और समाज के निर्णय का पालन किया : नूतन सिंह–पप्पू सिंह

इस अवसर पर रिंकू सिंह ने नूतन सिंह से आशीर्वाद लिया और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं नूतन सिंह ने भी रिंकू सिंह को सम्मानित करते हुए विजयश्री का आशीर्वाद दिया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। दोनों नेताओं ने विक्टरी साइन दिखाते हुए जीत का दावा किया।

नूतन सिंह ने रिंकू सिंह को अपनी छोटी बहन बताते हुए कहा कि पार्टी और समाज के निर्देश का सम्मान करते हुए उन्होंने नाम वापस लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अपनों के लिए त्याग करना ही पड़ता है। पप्पू सिंह ने कहा कि उन्होंने भाजपा में आवेदन किया था और शुरू से ही यह तय था कि जो निर्णय पार्टी और समाज लेगा, वही स्वीकार्य होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी एवं समाज के निर्णय का पालन करना उनका दायित्व है।

बड़ी बहन का आशीर्वाद मिला, आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी : रिंकू सिंह

प्रत्याशी रिंकू सिंह ने कहा कि नूतन सिंह और उनके परिवार से उनका पुराना पारिवारिक संबंध रहा है। आज बड़ी बहन का आशीर्वाद मिलने से उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि यह आशीर्वाद जुगसलाई के सर्वांगीण विकास और उसके कायाकल्प के लिए उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। हरि मिलाप मंदिर के समीप नूतन सिंह और रिंकू सिंह के मिलन के दौरान “हर हर महादेव” और “जय श्रीराम” के नारों से माहौल पूरी तरह चुनावी और उत्साहपूर्ण हो गया।

हिंदुत्व और राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत जरूरी : अभय सिंह

इससे पूर्व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने कहा कि पप्पू सिंह और उनका परिवार लंबे समय से समाजसेवा से जुड़ा रहा है। नगर परिषद चुनाव में रिंकू सिंह के समर्थन में नाम वापसी कर नूतन सिंह और पप्पू सिंह ने बड़प्पन और दूरदर्शिता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि नाम वापसी की अंतिम तिथि से पहले लिया गया यह निर्णय अनुकरणीय है।

अभय सिंह ने कहा कि जुगसलाई जैसे क्षेत्र में विकास बनाम विनाश की लड़ाई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बढ़ती जनसंख्या और शहरी जरूरतों को देखते हुए हिंदुत्व और राष्ट्रवादी विचारधारा की जीत जरूरी है। संवाददाता सम्मेलन में भाजपा जिला कमेटी के महामंत्री संजीव सिंह, अनिल मोदी, मंडल अध्यक्ष हनु जैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, आलोक वाजपेई, विहिप के अजय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Comment