अंत्योदय आश्रमों की बिजली-पानी समस्या पर विधायक पूर्णिमा साहू सख्त, टीएसयूआईएसएल के साथ त्रिपक्षीय बैठक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:सीतारामडेरा एवं बर्मामाइंस क्षेत्र के अंत्योदय आश्रमों में लंबे समय से व्याप्त बिजली और पानी की समस्याओं को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गंभीर रुख अपनाया है। इस मुद्दे पर एग्रिको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में उन्होंने टाटा स्टील यूआईएसएसएल (पूर्व में जुस्को) के वरिष्ठ अधिकारियों एवं आश्रम प्रतिनिधियों के साथ त्रिपक्षीय बैठक की।

मंगलवार को आयोजित इस बैठक में टाटा स्टील यूआईएसएसएल के जीएम आर.के. सिंह, वाटर मैनेजमेंट विभाग के प्रमुख, बिजली विभाग के प्रमुख अधिकारी तथा सीतारामडेरा और बर्मामाइंस क्षेत्र के 18 अंत्योदय आश्रमों के मुखियागण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आश्रमों में जलापूर्ति और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक पूर्णिमा साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि तीन माह के भीतर सभी 18 अंत्योदय आश्रमों की बिजली और पानी से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि अंत्योदय आश्रम समाज के सबसे कमजोर और वंचित वर्ग के लिए कार्यरत हैं, ऐसे में यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

विधायक ने कहा कि सरकार के साथ-साथ सेवा प्रदाता एजेंसियों की भी जिम्मेदारी है कि इन आश्रमों में रहने वाले लोगों को सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
वहीं, टाटा स्टील यूआईएसएसएल के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आश्रमों में जलापूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना लागू की जाएगी और सभी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।
बैठक के बाद आश्रम प्रतिनिधियों में संतोष और खुशी देखी गई। सभी ने विधायक पूर्णिमा साहू एवं टाटा स्टील यूआईएसएसएल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

बैठक में सीतारामडेरा क्षेत्र के सुभाष आश्रम, शास्त्री आश्रम, राजेंद्र आश्रम, विवेकानंद आश्रम, सरदार पटेल कस्तूरबा आश्रम-ए, कस्तूरबा-बी, सर्वोदय आश्रम, प्रेम आश्रम, गांधी आश्रम-ए, गांधी आश्रम-बी तथा बर्मामाइंस क्षेत्र के हिन्द आश्रम, सेवा आश्रम, श्रीराम आश्रम, जयप्रकाश आश्रम, बिनोबा आश्रम, विनोबा आश्रम-2 और बिरसा आश्रम के मुखियागण मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.