Adityapur:77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में दो मैचों वाला मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल-कूद के माध्यम से आमजन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
टूर्नामेंट में प्रशासन-11 एवं मीडिया-11 की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां दोनों मुकाबलों में प्रशासन-11 की टीम विजयी रही।
प्रतियोगिता के दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। खिलाड़ियों और दर्शकों में पूरे आयोजन के दौरान खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य केवल खेल नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर समाज को संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठे व्यक्ति—दोनों के लिए मानक हेलमेट का उपयोग तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का प्रभावी माध्यम है।
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। उन्होंने मदिरापान कर वाहन चलाने को गंभीर अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “शून्य सहनशीलता” की नीति को सख्ती से लागू किया जाना आवश्यक है।
अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की सराहना की और इसके प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। मीडिया प्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रशासन एवं मीडिया के बीच आपसी समन्वय मजबूत होता है।
कार्यक्रम के समापन पर उपायुक्त द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा जागरूकता की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।









