ग्रामीण क्षेत्र में अस्तित्व की सराहनीय पहल, निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 150 लोगों ने उठाया लाभ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:सामाजिक संस्था अस्तित्व की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए गम्हरिया, आदित्यपुर-1 के वार्ड संख्या 2 स्थित सतबहनी के जुलुम टाड़ में नवनिर्मित प्राथमिक विद्यालय परिसर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर त्रिनेत्रम हॉस्पिटल के सौजन्य से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक प्रत्याशी गणेश महाली ने स्वयं अपने नेत्रों की जांच कराकर किया। इस अवसर पर त्रिनेत्रम हॉस्पिटल के डॉ. प्रदीप एवं उनकी पूरी मेडिकल टीम ने आधुनिक मशीनों की सहायता से तकनीकी तरीके से मरीजों की आंखों की जांच की। शिविर के दौरान नेत्र जांच के साथ-साथ सभी मरीजों का ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर (बीपी) भी जांचा गया।
इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के करीब 150 लोगों ने लाभ उठाया, जिनमें से लगभग 20 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। चयनित मरीजों को 30 जनवरी को त्रिनेत्रम हॉस्पिटल ले जाया जाएगा और ऑपरेशन के बाद उसी दिन उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मां भूमि महिला विकास संगठन की टीम भी सक्रिय रूप से मौजूद रही। संगठन की ओर से संचालक रितेश मुखिया उर्फ अभय प्रताप सिंह एवं रंजल सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
शिविर को सफल बनाने में सामाजिक संस्था अस्तित्व के सक्रिय सदस्य दिनेश गोराई, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज महतो, समाजसेवी उत्तम पात्रो, अस्तित्व की जिलाध्यक्ष श्रीमती अर्चिता अन्नू चौबे तथा मनमोहन चौबे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें