पोटका में सरस्वती पूजा की धूम, विधायक संजीव सरदार ने पंडालों का किया उद्घाटन

SHARE:

Potka:पोटका विधानसभा क्षेत्र में सरस्वती पूजा का पर्व इस वर्ष विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पोटका के विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को जमशेदपुर और पोटका प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों में आयोजित दर्जनभर से अधिक पूजा पंडालों का फीता काटकर उद्घाटन किया और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान विधायक ने पूर्वी घाघीडीह पंचायत के बेड़ादीपा स्थित सेवन स्टार क्लब, ज्ञान केंद्र लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर, आसानबनी पंचायत के आसानबनी गांव, जुड़ी पंचायत के दुर्गा मंदिर परिसर सहित कई अन्य पंडालों का उद्घाटन किया।
“सरस्वती पूजा ज्ञान और संस्कार का पर्व है” – संजीव सरदार
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि माँ सरस्वती विद्या, बुद्धि, संगीत और कला की देवी हैं। उन्होंने बताया कि सरस्वती पूजा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति और संस्कारों का पर्व है। इस दिन की पूजा से अज्ञान दूर होता है और शिक्षा व रचनात्मक क्षेत्रों में सफलता मिलती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे पढ़ाई में मन लगाएँ और ज्ञान को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं, क्योंकि शिक्षा से ही समाज और क्षेत्र का विकास संभव है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर रक्तदान शिविर में भी हुए शामिल
विधायक संजीव सरदार ने पर्सुडीह-हालुदबनी में सेवा ही लक्ष्य संस्था द्वारा आयोजित एकदिवसीय रक्तदान शिविर में भी भाग लिया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और यह जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर ऐसे सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेने की अपील की। इस अवसर पर जगत मार्डी, तरुण सरद्वार, अनुपम मंडल, मनोज नाहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें