Jamshedpur:झारखंड आंदोलन के प्रखर योद्धा और राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो जी की पुण्यतिथि के अवसर पर कदमा, उलियान स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर आज भावनात्मक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पोटका के लोकप्रिय विधायक माननीय संजीव सरदार जी ने माल्यार्पण कर स्व. सुधीर महतो जी को सादर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि स्व. सुधीर महतो जी ने झारखंड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, त्याग और विचारधारा आज भी झारखंड की राजनीति और जनसेवा के पथ पर हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्यहित और जनहित में निःस्वार्थ भाव से कार्य करने की जो सीख स्व. महतो जी ने दी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में स्व. सुधीर महतो जी के परिजन, पार्टी के वरिष्ठ आंदोलनकारी नेता, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावुक रहा और ‘सुधीर महतो अमर रहें’ के नारों के बीच झारखंड आंदोलन के स्वर्णिम संघर्ष को याद किया गया।









