गुवा गोलीकांड के आंदोलनकारी परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, बेटे की असामयिक मौत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा राईका गांव में सोमवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। गुवा गोलीकांड के आंदोलनकारी रहे दिवंगत दरगड़ाय सिरका के 45 वर्षीय पुत्र बोरेगा सिरका की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब चार बजे बोरेगा सिरका को अचानक चक्कर आया, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया।

सूचना मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री लक्ष्मी सुरेन मंगलवार को झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ बड़ा राईका गांव पहुंचीं। उन्होंने मृतक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री लक्ष्मी सुरेन ने कहा कि यह परिवार पहले ही गुवा गोलीकांड में आंदोलनकारी दरगड़ाय सिरका को खो चुका है और अब उनके पुत्र की असामयिक मृत्यु ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मृतक के बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराया जाएगा और उनकी शिक्षा व भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को त्वरित सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। इस दौरान निरंजन सिरका, रमेश सिरका, शंकर बोबोंगा, रिमू बहादुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें