अंकुआ टोले में सोलर जलमीनार की टाइमर चोरी, 150 ग्रामीणों पर मंडराया पेयजल संकट

SHARE:

Chaibasa:पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा प्रखंड अंतर्गत बिनुवा गांव के अंकुआ टोले में सरकारी सोलर जलमीनार की टाइमर चोरी ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महज 20 घरों वाले इस टोले में करीब 150 लोग निवास करते हैं, जो पिछले एक माह से गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, शरारती तत्वों द्वारा आधी रात को सोलर जलमीनार की टाइमर खोलकर चोरी कर ली गई, जिसके बाद से जलमीनार से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है। नतीजतन, टोले के लोग मजबूरी में पास बहने वाली हंसागाढ़ा नदी से पीने का पानी लाने को विवश हैं।
स्थानीय समाजसेवी किशोर लोहार ने बताया कि जलमीनार की टाइमर चोरी के बाद से विभागीय स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि “टाइमर के बिना सोलर जलमीनार संचालित नहीं हो सकती, जिससे पूरे टोले को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी सूचना संबंधित विभाग को दी जाएगी और जल्द से जल्द नया टाइमर लगवाने की मांग की गई है।”
ग्रामीणों का कहना है कि मुखिया फंड और पंचायत समिति फंड में इतनी राशि उपलब्ध है कि तत्काल टाइमर लगाकर जलापूर्ति बहाल की जा सकती है, लेकिन उपेक्षा और लापरवाही के कारण समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने क्षेत्रीय जलापूर्ति विभाग से जल्द हस्तक्षेप कर चोरी गए टाइमर की जगह नया टाइमर लगवाने और जलमीनार को पुनः चालू कराने की मांग की है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें