शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, एसएसपी कार्यालय पर फूटा जनाक्रोश

SHARE:

Jamshedpur:राज्य की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर इन दिनों अपराध के बढ़ते ग्राफ से जूझ रही है। अपहरण, छिनतई, नशा कारोबार और चोरी जैसी घटनाओं ने आम नागरिकों के मन में भय पैदा कर दिया है। ध्वस्त होती विधि-व्यवस्था के खिलाफ शनिवार को भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने शासन–प्रशासन के विरुद्ध निर्णायक मोर्चा खोलते हुए एसएसपी कार्यालय के समक्ष विशाल आक्रोश प्रदर्शन किया।
भाजपा जमशेदपुर महानगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाला गया। हाथों में तख्तियां और नारों के साथ हजारों कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन की निष्क्रियता और झामुमो–कांग्रेस सरकार की कथित उदासीनता पर जमकर हमला बोला।
आक्रोश प्रदर्शन में सांसद विद्युत वरण महतो, झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
झामुमो-कांग्रेस सरकार में अपराधियों का बोलबाला : विद्युत वरण महतो
सभा को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। अपहरण, नशा कारोबार और छिनतई की घटनाओं ने औद्योगिक शहर की पहचान पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार और पुलिस प्रशासन की सुस्ती ने अपराधियों का मनोबल बढ़ाया है, जिसका खामियाजा आम जनता और व्यापारी वर्ग भुगत रहा है।
‘अबुआ राज’ में कानून-व्यवस्था ध्वस्त : डॉ दिनेशानंद गोस्वामी
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ गोस्वामी ने कहा कि झामुमो गठबंधन सरकार के ‘अबुआ राज’ में राज्य अराजकता की ओर बढ़ रहा है। एसएसपी आवास के पास से दिनदहाड़े युवा उद्यमी का अपहरण होना पुलिस और सरकार की गंभीर विफलता का प्रमाण है। उन्होंने अपहृत युवक की शीघ्र सकुशल बरामदगी की मांग की।
प्रशासन की सुस्ती से बढ़ा अपराधियों का मनोबल : पूर्णिमा साहू
विधायक पूर्णिमा साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह भाजपा की अंतिम चेतावनी है। यदि प्रशासन ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने लापता बच्चों के मामलों, गो-तस्करी और शराब दुकानों को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद और महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द अपराध पर नियंत्रण नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन साकची पश्चिम मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने किया। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और हजारों भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Comment

और पढ़ें