पोटका में ब्राउन शुगर का धंधा बेनकाब, जिला परिषद सदस्य के भाई समेत दो गिरफ्तार

SHARE:

Potka:पोटका थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हाता चौक के समीप पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कवाली थाना क्षेत्र के ओडिशा रोड, हल्दीपोखर निवासी सागर मंडल (21)—जो कि जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल का छोटा भाई है—और पोटका थाना क्षेत्र का रहने वाला मिलन मंडल (22) शामिल है।
पुलिस ने दोनों के पास से 3 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हाता चौक स्थित प्राचीन गुरुकुल आश्रम के पास तीन युवक नशे की हालत में आपस में मारपीट कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 10-10 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सागर मंडल का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोप है कि वह अपने भाई के जिला परिषद सदस्य होने का भय दिखाकर क्षेत्र में रंगदारी और नशे के अवैध कारोबार को अंजाम देता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पोटका पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें