अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा भारी युवक को खंभे से बांधकर पीटा, पत्नी-मां भी बनीं शिकार

SHARE:

Jamshedpur:परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमकागोड़ा में अवैध शराब बिक्री का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। स्थानीय युवक टिंकू को आरोपियों ने खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। जब उसकी पत्नी और मां उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और दोनों के साथ जमकर मारपीट की।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल टिंकू को इलाज के लिए खासमहल स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं अवैध शराब के कारोबार को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सुबह शराब खरीदने गया था टिंकू
भुक्तभोगी टिंकू के अनुसार, वह सुबह के समय शराब खरीदने गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद खंभे से बांधकर लाठी और चाकू से उस पर जानलेवा हमला किया गया। शोर सुनकर पत्नी और मां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी सामूहिक रूप से मारपीट की और जान से मार देने की धमकी दी।
इन लोगों को बनाया गया आरोपी
पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने कैप्टन सरदार, राहुल पात्रो, टीलो पात्रो, मिहिर गोप, मिहिर गोप का साला समेत हलुदबनी निवासी कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिसका विरोध करने वालों को अक्सर धमकाया जाता है। इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और अवैध कारोबार पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment