कीताडीह में रेलवे लोको पायलट के घर हुई चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कीताडीह के राजू बगान इलाके में रेलवे लोको पायलट ओम प्रकाश नारायण के घर हुई लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

यह चोरी 8 जनवरी को उस समय हुई थी, जब ओम प्रकाश नारायण ड्यूटी पर गए हुए थे। वहीं उनकी पत्नी और बेटा इलाज के लिए वेल्लोर गए थे। घर में रहने वाला एक अन्य रेंटर भी ड्यूटी पर था, जिससे पूरा मकान खाली था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

परसुडीह पुलिस ने लगातार जांच, तकनीकी साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बागबेड़ा हरहरगुट्टू निवासी राजेश शर्मा उर्फ पांडेय (21 वर्ष), संजय कुमार उर्फ गबरू (25 वर्ष) और विकास महतो उर्फ बुलेट (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद किया गया है, जिसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकद रुपये और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। हालांकि जेवरात अभी बरामद नहीं हो सके हैं।

पीड़ित ओम प्रकाश नारायण ने बताया कि ड्यूटी से लौटने पर उन्हें घर में गड़बड़ी का एहसास हुआ। मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के कमरों और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर फरार हो गए, ताकि किसी को शक न हो।

परसुडीह थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में से संजय कुमार और विकास महतो का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ पहले भी चोरी, रंगदारी, मारपीट और हथियार से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इस पूरे मामले के खुलासे में परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.