Guwa:मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार, 14 जनवरी को गुवा क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। अहले सुबह से ही विभिन्न मंदिरों और नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बोकना स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा, जहां लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कुसुम घाट स्थित शिव मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना की। वहीं कारो नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति के अवसर पर आस्था की डुबकी लगाई। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पंचमुखी हनुमान मंदिर कमेटी की ओर से मकर संक्रांति को लेकर भव्य मेले का आयोजन किया गया। एकादशी के अवसर पर बुधवार को श्रद्धालुओं के बीच हलवा का वितरण किया गया, जबकि गुरुवार को खिचड़ी भोग के साथ चूड़ा-दही और तिलकुट वितरण की तैयारी की गई है। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए मिक्की माउस सहित विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए, जिसका बच्चों ने भरपूर आनंद उठाया।
धार्मिक वातावरण को और भक्तिमय बनाने के लिए मिथिला के जनकपुर से आए पांच पुरोहितों के साथ आचार्य रोशन झा के नेतृत्व में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पूरे परिसर में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से माहौल गूंज उठा। संध्या के समय मंदिर कमेटी द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, वहीं बच्चों के लिए बूगी-बूगी डांस प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसके विजेताओं को गुरुवार को पुरस्कृत किया जाएगा।
मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गुवा पुलिस को लगातार गश्त करते देखा गया। मौके पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुदीप दास सहित समीर पाठक, मुकेश लाल, गणेश दास, रेणु देवी, राजा बिहारी, राजा महापात्रो, हरजीवन कश्यप, भानु चंद्र दास, संतोष बेहरा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।









