भूमीज समाज की पुश्तैनी जमीन पर कब्जे का आरोप, बागबेड़ा में भू-माफियाओं की दबंगई, प्रशासन पर उठे सवाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी घाघीडीह पंचायत से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहाँ भूमीज समाज की पुश्तैनी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित स्थानीय निवासी गुलाम सरदार का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन, प्लॉट संख्या 14 एवं खाता संख्या 3718/3721 पर दबंग भू-माफियाओं ने अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़ित के अनुसार, सरकारी छुट्टी का फायदा उठाते हुए भू-माफियाओं ने जेसीबी मशीन से जमीन की खुदाई शुरू कर दी और तारबंदी कर जमीन हड़पने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख गुलाम सरदार ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने काम को रुकवाया।
गुलाम सरदार ने बताया कि इस मामले को लेकर वे पहले ही उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और जमशेदपुर के अंचल अधिकारी को लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि अपराध प्रवृत्ति के दबंग लोग खुलेआम उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
पीड़ित की पत्नी ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सरकारी छुट्टियों का फायदा उठाकर लगातार जमीन कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले जब परिवार ने विरोध किया तो भू-माफियाओं ने घर में घुसकर जानलेवा हमला किया, जिसमें परिवार के कई सदस्य घायल हो गए थे। इस संबंध में बागबेड़ा थाना में पहले भी केस दर्ज कराया गया था, लेकिन आज तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वे कौन लोग हैं जो इतनी बेखौफ दबंगई के साथ भूमीज समाज की पुश्तैनी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं? और क्यों प्रशासन इस पूरे मामले में खामोश नजर आ रहा है? क्या गुलाम सरदार और उनका परिवार न्याय की उम्मीद कर पाएगा, या फिर कानून भू-माफियाओं के सामने बेबस साबित होगा?

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.