डीएवी चिड़िया की तीरंदाज छात्राओं ने रचा इतिहास, झारखंड एल जोन नेशनल स्पोर्ट्स में रहा अब्बल प्रदर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur:डीएवी चिड़िया ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का परचम लहराया है। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत आयोजित अंडर-17 तीरंदाजी प्रतियोगिता में डीएवी चिड़िया की तीन छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ पदक जीते, बल्कि झारखंड एल जोन का नाम राष्ट्रीय फलक पर गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में छात्रा प्रार्थी नाग ने अंडर-17 तीरंदाजी की 50 मीटर दूरी में रजत पदक एवं 30 मीटर दूरी में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं दिव्यांशी सामङ ने 50 मीटर दूरी में स्वर्ण पदक तथा 30 मीटर दूरी में रजत पदक अपने नाम किया। तीसरी प्रतिभाशाली तीरंदाज जेनी लोहार ने 50 मीटर एवं 30 मीटर दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।
तीनों छात्राओं ने नई दिल्ली-नोएडा में आयोजित इंडियन राउंड तीरंदाजी प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए टॉपर का स्थान हासिल किया। ओवरऑल टीम विनर और ग्रुप चैंपियनशिप में डीएवी चिड़िया का चयन नेशनल गेम्स अंडर-17 के विजेता के रूप में किया गया, जिसके बाद डीएवी संस्था द्वारा नई दिल्ली में छात्राओं को पदक एवं सम्मान प्रदान किया गया।
इस ऐतिहासिक सफलता पर डीएवी चिड़िया के प्राचार्य डॉ. शिवनारायण सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसका श्रेय डीएवी झारखंड एल जोन की क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री रेखा कुमारी एवं राष्ट्रीय निदेशक डॉ. वीर सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने तीरंदाजी में अद्भुत प्रदर्शन कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे झारखंड एल जोन के लिए इतिहास रच दिया है।
प्राचार्य ने स्थानीय शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि डीएवी चिड़िया में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह सफलता उसी सकारात्मक सोच और समर्पित प्रशिक्षण का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि छात्राओं को यह उपलब्धि इतिहास शिक्षिका मौमिता मजुमदार, खेल शिक्षक सुमित सेनापति एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों के मार्गदर्शन और नेतृत्व में प्राप्त हुई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.