Manoharpur:आनंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनोहरपुर–आनंदपुर मुख्य मार्ग पर डुमिरता के समीप बुधवार देर रात करीब 8 से 9 बजे के बीच एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रांची से मनोहरपुर लौट रही ब्रेजा कार (संख्या JH 05DA 1821) अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल के ड्राइवसन से फिसलते हुए सड़क से लगभग 10 फीट नीचे खेत में भरे पानी में जा गिरी।
हादसे में कार चला रहे मनोहरपुर बाजार निवासी संजय गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्होंने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में संजय गुप्ता को बाहर निकालकर मनोहरपुर लाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त सड़क पर अंधेरा और पुल के पास फिसलन की स्थिति थी, जिससे वाहन चालक नियंत्रण खो बैठे।
इधर, आनंदपुर पुलिस गुरुवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।









