एसआईआर को लेकर 1400 लोगों को दिया गया प्रशिक्षण, मतदान सूची शुद्धिकरण पर विशेष जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बुधवार को जमशेदपुर में बड़े स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में कुल 1400 प्रतिभागियों को एसआईआर-2003 से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 46-पोटका विधानसभा क्षेत्र के जमशेदपुर प्रखंड, 47-जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जुगसलाई नगर परिषद व जमशेदपुर प्रखंड, 48-जमशेदपुर पूर्व तथा 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्र के रूप में चिन्हित विद्यालयों के 2-2 प्राचार्य/प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नामित बीएलए-2, एवं जिला के मीडिया प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एसआईआर-2003 की निर्वाचक सूची में पंजीकृत मतदाताओं और वर्तमान मतदाता सूची के बीच मैपिंग की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही झारखंड राज्य के मतदाताओं के नाम खोजने के लिए सीईओ झारखंड पोर्टल (https://ceo.jharkhand.gov.in/) एवं राज्य से बाहर के मतदाताओं के लिए https://voters.eci.gov.in/ पर हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी कराई गई।
प्रतिभागियों को नाम खोजने की प्रक्रिया से संबंधित लीफलेट भी उपलब्ध कराए गए। अधिकारियों ने अपील की कि विद्यालयों के कक्षा 9, 10, 11 एवं 12 के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी एसआईआर-2003 में नाम खोजने के लिए प्रशिक्षित किया जाए, ताकि छात्र घर जाकर अपने अभिभावकों को भी जानकारी दे सकें। लीफलेट को विद्यालय एवं कार्यालयों के प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने का निर्देश भी दिया गया।
बीएलए-2 से अपने-अपने बीएलओ को सहयोग देने तथा मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (पूर्वी सिंहभूम) श्रीमती प्रियंका सिंह ने की, जबकि मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आंकड़ों के अनुसार प्रशिक्षण में 662 बीएलए-2, 616 शिक्षक/शिक्षिकाएं व प्राचार्य तथा बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.