Guwa:गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरख नगर बस्ती से दो नाबालिग बच्चों के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी और चिंता का माहौल है। परिजन बदहवास हालत में बच्चों की तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे घर से बिना बताए निकल गए थे। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच स्थानीय लोगों ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे गुवा रेलवे स्टेशन पर दोनों बच्चों को देखे जाने की जानकारी दी है। इस सूचना के बाद आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चे गुवा से टाटानगर जाने वाली किसी ट्रेन में सवार हो गए हों।
लापता बच्चों की पहचान राहुल गोप (पिता–संदीप गोप, माता–लक्ष्मी देवी) और पवन गोप (पिता–शंकर गोप, माता–मिथिला देवी) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 10 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, राहुल गोप ने नीले रंग की शर्ट, जबकि पवन गोप ने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी।
बच्चों के अचानक लापता होने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि अब तक गुवा थाना में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन परिजन लगातार अपने स्तर से तलाश में जुटे हुए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इन दोनों बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो वह तुरंत परिजनों या नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें, ताकि दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार से मिलाया जा सके।









